गोवर्धन पूजा पर गिरिराज तलहटी में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया दुग्धाभिषेक

मथुरा, 10 नवंबर (वार्ता) गोवर्धन पूजा/ अन्नकूट महोत्सव के पावन अवसर पर गिरिराज की तलहटी में आस्था और भक्ति का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। मंगलवार को गिरिराज महाराज का भव्य दुग्धाभिषेक किया गया। सुबह चार बजे से ही मंदिर दानघाटी, मुकुट मुखारविंद, जतीपुरा मुखारविंद सहित 21 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर दूध की धारा से पर्वतराज को स्नान कराने का जो क्रम आरंभ हुआ, वह देर रात तक अनवरत चलता रहा।


सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग में लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। 'तेरी कट जाएं बाधा जीवन की, कर परिक्रमा गोवर्धन की' जैसे भजनों के साथ महिलाएं व पुरुष परिक्रमा करते नजर आए। हरे कृष्णा-हरे राम के संकीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह पुष्प सज्जा, झांकियां और भंडारों का आयोजन किया गया था। भक्तजन सिर पर अन्नकूट की टोकरी रखकर गिरिराज प्रभु को समर्पित करते हुए आगे बढ़ रहे थे।


इस्कॉन और गौड़ीय संप्रदाय के भारतीय भक्तों के साथ-साथ 40 देशों से आए 10 हजार से ज्यादा विदेशी श्रद्धालुओं ने भी इस आयोजन में भारी उत्साह से सहभागिता की। विदेशी भक्त ढोल-नगाड़ों पर नृत्य और कीर्तन करते नजर आए। राधाकुंड मार्ग स्थित गौड़ीय मठ से भक्त समूह छबरियों में सजी अन्नकूट सामग्री लेकर निकले। पर्वतराज का पंचामृत से अभिषेक कर उन्हें 56 भोग समर्पित किया गया।


बरसाना कस्बे में भी गोवर्धन पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। भोर होते ही मंदिरों में जयकारे गूंजने लगे। श्रद्धालुओं ने राधा रानी की चौखट पर माथा टेका। शाम ढलते ही हर घर और मंदिर दीपों से जगमगा उठा। भक्तों ने गोबर से गिरिराज पर्वत का प्रतीक बनाकर दूध, दही और मिठाई का भोग लगाया। राधारानी मंदिर, रंगीली महल और मानगढ़ धाम में विशेष अनुष्ठान हुए।


मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि, वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन में भी गोवर्धन पूजा के साथ भव्य अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। बांके बिहारी मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की तीन किलोमीटर लंबी कतार लगी रही।


दानघाटी मंदिर के सेवायत मथुरा दास कौशिक ने बताया कि श्रीकृष्ण ने इंद्र की पूजा का विरोध कर गोवर्धन पर्वत की पूजा का प्रारंभ किया था। इंद्र के कोप से ब्रजवासियों को बचाने के लिए भगवान ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर पर्वत को सात दिन तक उठा लिया था। तब से यह पर्व मनाया जाता है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए योगी सरकार के निर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।



प्रदीप

वार्ता

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास