एसजीपीजीआई में पहली बार पैर का अंगूठा हाथ में प्रत्यारोपित करने की जटिल सर्जरी सफल

 


लखनऊ, 10 नवंबर (वार्ता) संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई), लखनऊ के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार पैर के अंगूठे को हाथ के अंगूठे के स्थान पर प्रत्यारोपित करने की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की है।

करीब 10 घंटे तक चले इस ऑपरेशन के जरिए सड़क दुर्घटना में अपना दाहिना अंगूठा गंवा चुके 19 वर्षीय युवक के हाथ का पुनर्निर्माण किया गया है। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति अच्छी है और प्रत्यारोपित अंगूठा भी ठीक से काम कर रहा है।
संस्थान की ओर से 10 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हाथ की कार्यक्षमता में अंगूठे की भूमिका करीब 40 प्रतिशत होती है। चोट या जन्मजात कारणों से अंगूठा नहीं होने पर हाथ की कार्यक्षमता काफी प्रभावित होती है। ऐसे मामलों में संवेदना, कार्यक्षमता और प्राकृतिक बनावट के साथ अंगूठे का पुनर्निर्माण करना चुनौतीपूर्ण होता है। पैर की उंगली को हाथ के अंगूठे के स्थान पर प्रत्यारोपित करना इसका सबसे प्रभावी और जटिल विकल्प माना जाता है।
इस मामले में 19 वर्षीय युवक का दाहिना अंगूठा 17 मार्च को सड़क दुर्घटना में प्रॉक्सिमल फैलैंक्स के आधार के स्तर से कट गया था। दुर्घटना में उसके दाहिने हाथ की दोनों हड्डियां भी टूट गई थीं। शुरुआत में उसका उपचार दूसरे अस्पताल में किया गया, जहां कटे हुए अंगूठे के स्थान को बंद कर दिया गया और फ्रैक्चर को ठीक करने के लिए ओआरआईएफ सर्जरी की गई। कुछ महीने बाद युवक एसजीपीजीआई पहुंचा। अंगूठा नहीं होने के कारण उसे हाथ से सामान्य काम करने में परेशानी के साथ शारीरिक बनावट को लेकर मानसिक परेशानी भी हो रही थी।
संस्थान के चिकित्सकों ने मरीज और उसके माता-पिता की कई चरणों में काउंसलिंग करने के बाद बाएं पैर के अंगूठे को आकार में छोटा करके दाहिने हाथ में प्रत्यारोपित करने का निर्णय लिया। यह ऑपरेशन 30 सितंबर 2026 को जनरल एनेस्थीसिया में किया गया। करीब 10 घंटे तक चली इस सर्जरी में दो टीमों ने एक साथ काम किया। एक टीम ने दाहिने हाथ और कलाई में प्रत्यारोपण के लिए आवश्यक हिस्से तैयार किए, जबकि दूसरी टीम ने बाएं पैर के अंगूठे को सावधानीपूर्वक अलग किया।
सर्जरी के दौरान पैर के अंगूठे को उसकी मुख्य धमनी, शिरा, संवेदना देने वाली नस तथा फ्लेक्सर और एक्सटेंसर टेंडन के साथ निकाला गया। इसके बाद हाथ की मेटाकार्पल हड्डी के बचे हुए हिस्से से 1.5 मिलीमीटर के किर्शनेर तार की मदद से उसे जोड़ा गया। टेंडन के पुनर्निर्माण के साथ रक्त वाहिकाओं और संवेदी तंत्रिकाओं को भी जोड़ा गया। प्रत्यारोपित अंगूठे में रक्त प्रवाह सामान्य होने के बाद त्वचा को बंद कर दिया गया।
ऑपरेशन के बाद मरीज की विशेष निगरानी और देखभाल की गई। उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई और नियमित रूप से ओपीडी में आने की सलाह दी गई। संस्थान के अनुसार, मरीज की स्थिति अच्छी है। प्रत्यारोपित अंगूठा ठीक से काम कर रहा है और युवक बिना किसी सहारे के सामान्य रूप से चल पा रहा है।
एसजीपीजीआई के निदेशक पद्मश्री प्रो. आरके धीमन ने इस उपलब्धि के लिए पूरी चिकित्सा टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सफलता संस्थान में समर्पित हैंड ट्रांसप्लांट यूनिट स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इस जटिल सर्जरी को प्लास्टिक सर्जरी विभाग के कंसल्टेंट डॉ. अंकुर भटनागर, डॉ. राजीव कुमार भारती और डॉ. निखिलेश कुमार तथा रेजिडेंट चिकित्सकों डॉ. आइना, डॉ. सुरभि, डॉ. जूही, डॉ. झिलिक, डॉ. शताक्षी और डॉ. प्रज्ञा की टीम ने अंजाम दिया। एनेस्थीसिया टीम में कंसल्टेंट डॉ. आशीष कनौजिया तथा रेजिडेंट चिकित्सक डॉ. शिखा, डॉ. अंजलि और डॉ. हर्ष शामिल रहे। ऑपरेशन थिएटर के स्टाफ संजीव, सोनी, रितु, बसंत और पवन ने भी सहयोग किया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास