छठ घाट पर सुरक्षा का हाई अलर्ट, आलाधिकारियों ने परखी व्यवस्था

 


गोरखपुर 13 नवम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए शुक्रवार को गोरखपुर के मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने राजघाट स्थित छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और छठ व्रतियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जलाशय के गहरे स्थानों और अन्य संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
धार्मिक दृष्टि से छठ महापर्व सूर्य उपासना, लोक आस्था और पवित्रता का प्रतीक है। वहीं प्रशासनिक और कानूनी दृष्टि से सार्वजनिक स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे में घाटों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर अधिकारियों की सक्रियता को अहम माना जा रहा है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, राजघाट थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास