काजीरंगा सड़क दुर्घटना पर मुर्मू, मोदी, शाह ने जताया गहरा दुख
नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राज्य की मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा तथा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम के काजीरंगा में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।श्रीमती मुर्मू ने अपने शोक संदेश में कहा कि काजीरंगा में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी शोक-संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
श्री मोदी ने कहा कि असम के गोलाघाट जिले में हुई दुर्घटना में लोगों की मृत्यु से वह अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है।
श्री शाह ने काजीरंगा में हुए दुखद सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं जतायीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। श्री सरमा ने भी दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं जतायी हैं। श्री सरमा जिला उपायुक्त और घटनास्थल पर मौजूद मंत्री अतुल बोरा के साथ लगातार संपर्क में हैं। मंत्री राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता तथा मृतकों के शवों से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
श्रीमती वाड्रा ने कहा "काजीरंगा, असम में हुए भीषण सड़क हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें