नये एम्स में पांच साल में छह करोड़ से अधिक ओपीडी परामर्श, स्वास्थ्य सेवाओं का बढ़ा दायरा
नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) देश में प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत स्थापित नये अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों (एम्स) में पिछले पांच वर्षों के दौरान छह करोड़ से अधिक ओपीडी परामर्श दर्ज किये गये हैं।स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि 31 अक्टूबर तक इन संस्थानों में कुल 6.01 करोड़ मरीजों ने ओपीडी सेवाओं का लाभ उठाया। यह आंकड़ा देशभर में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं की बढ़ती पहुंच को दर्शाता है।
केंद्र सरकार ने क्षेत्रीय स्तर पर किफायती और विश्वसनीय तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में असमानता दूर करने के उद्देश्य से पीएमएसएसवाई के तहत नये एम्स स्थापित किये हैं। योजना के अंतर्गत विभिन्न चरणों में कुल 22 नये एम्स को मंजूरी दी गयी है, जिनमें से 18 पूरी तरह से कार्यरत हैं। इन संस्थानों में ओपीडी, आईपीडी, आपातकालीन एवं ट्रॉमा सेवाओं के साथ जांच, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान की सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं।
नये एम्स में ओपीडी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ी है। वर्ष 2021-22 में जहां 50.03 लाख ओपीडी परामर्श दर्ज किये गये थे, वहीं 2022-23 में यह संख्या बढ़कर 77.95 लाख और 2023-24 में 100.52 लाख हो गयी। वर्ष 2024-25 में 129.98 लाख तथा 2025-26 में 144.96 लाख ओपीडी परामर्श दर्ज किये गये। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 में अक्टूबर तक 97.41 लाख मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं।
इन नये एम्स के विस्तार से देश में स्नातक, स्नातकोत्तर और नर्सिंग शिक्षा के अवसर भी बढ़े हैं। इसके साथ ही संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं और आधुनिक क्लीनिकल सेवाओं का विकास किया जा रहा है। सरकार के अनुसार, ये संस्थान न केवल आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, बल्कि देश के चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान ढांचे को भी मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें