अखिलेश ने जारी किया चुनावी प्रण पत्र- संविधान दिवस पर बोले, देश संविधान से चलेगा, मन विधान से नहीं
लखनऊ, 26 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज होती जा रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि देश संविधान से चलेगा, मन विधान से नहीं। संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय की लड़ाई ही सपा की असली लड़ाई है। सत्ता पाने के लिए संविधान का दुरुपयोग करने वाली ताकतों के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। हमारा लक्ष्य सामाजिक न्याय का राज स्थापित करना है।
अखिलेश ने कहा कि पीडीए परिवार लगातार बढ़ रहा है। अब तक पीडीए ने दूसरों की सरकारें बनाईं, अब पीडीए मिलकर अपनी सरकार बनाएगा। पीडीए सामाजिक न्याय, वंचितों के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी की लड़ाई का आधार है। संविधान ही अधिकारों का कवच, ढाल और सबसे बड़ा हथियार है, संविधान की रक्षा से ही पीडीए का भविष्य जुड़ा है।
उन्होंने किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ पर 700 शहीद किसानों को श्रद्धांजलि दी और लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों और पत्रकार को भी याद किया।
अखिलेश यादव की ओर से जारी प्रण पत्र के मुख्य बिंदु-
किसान-मजदूर और गरीब वर्ग: किसानों को सम्मानजनक लाभकारी मूल्य और समय पर भुगतान, मजदूरों को उचित मजदूरी और जीवन स्तर सुधारने का वादा। गरीब, शोषित, वंचित, पीड़ित और अपमानित लोगों की गरिमा और आत्मसम्मान बहाल करने पर जोर।
स्वास्थ्य और महिला: जरूरतमंद, बीमार, बुजुर्ग, जच्चा-बच्चा के लिए गुणवत्तापूर्ण मुफ्त स्वास्थ्य सेवा और प्रभावी एम्बुलेंस सुविधा। महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर बनाने, सम्मान, सुरक्षा, मुफ्त शिक्षा और समान अवसर।
युवा और शिक्षा: युवाओं के लिए सरकारी व निजी क्षेत्र में निष्पक्ष रोजगार, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, प्रतीक्षा सूची, छात्रवृत्ति, कौशल प्रशिक्षण। विदेश में शिक्षा, खेल, कला और स्टार्टअप के अवसर। बंद प्राथमिक विद्यालयों को फिर से शुरू करना, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और सभी शिक्षकों को सम्मानजनक वेतन व स्थायी नौकरी।
कर्मचारी: आशा, आंगनबाड़ी, नर्सिंग स्टाफ, संविदा, आउटसोर्सिंग, चतुर्थ श्रेणी सहित सभी कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा, समायोजन और पुरानी पेंशन लागू करने का संकल्प।
कानून-व्यवस्था: कानून व्यवस्था को AI, बॉडी कैमरा, CCTV नेटवर्क, फोरेंसिक लैब और डेटा आधारित पुलिसिंग से हाईटेक बनाने का वादा। पुलिस को राजनीतिक दबाव, जातिगत भेदभाव और हिरासत में हिंसा से मुक्त करना। महिला सुरक्षा के लिए डायल 112 को सशक्त, जवाबदेह बनाना और फास्ट ट्रैक कोर्ट से त्वरित न्याय।
बुनियादी विकास: सड़क, रेल, हवाई संपर्क, हाईवे, मेट्रो, रोपवे का विस्तार। हर गांव-बस्ती तक सस्ती बिजली, पानी, इंटरनेट, वाई-फाई, CCTV और स्ट्रीट लाइट से युक्त नए गांव बसाने की योजना। AI के सकारात्मक इस्तेमाल से जीवन सरल बनाना और प्रदूषण नियंत्रण के लिए स्वच्छ ऊर्जा व सतत विकास पर जोर।
सम्मान योजना: कलाकारों, खिलाड़ियों, शिल्पकारों, वकीलों, पत्रकारों सहित सभी क्षेत्रों की प्रतिभाओं के लिए योजनाएं और यश भारती सम्मान को अधिक राशि के साथ दोबारा शुरू करने की घोषणा।
अखिलेश ने कहा कि घोषणापत्र के वादों को सरकार बनने पर जमीन पर उतारा जाएगा और जरूरत पड़ने पर समय के अनुसार नए फैसले भी लिए जाएंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें